नई दिल्ली -  पीएनबी में हुए ११००० करोड़ के घोटाले के सामने आने के बाद लगातार घोटालों का उजागर होना जारी है l ऐसा ही एक मामला और सामने आ रहा है जिसमे आयकर विभाग ने लगभग 3,200 करोड़ रुपये के टीडीएस घोटाले का पर्दाफाश किया है। इस मामले को लेकर आयकर विभाग की ४४७ कम्पनियों पर पैनी नजर बनी हुई है l

               जानकारी के अनुसार देश की कई कंपनियों ने टीडीएस के नाम पर कर्मचारियों से पैसे लिए लेकिन उसे आयकर विभाग में जमा करने के बजाए अपने कामकाज में खर्च कर दिए हैं । जिन मामलों का खुलासा हुआ है वे सभी अप्रैल-2017 से मार्च-2018 के बीच के हैं। जांच के बाद अगर घोटाला सही पाया गया तो इनके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा और कानूनी कार्यवाही की जा सकती है । आयकर विभाग के एक अधिकारी ने बताया, इन मामलों का खुलासा वेरिफिकेशन सर्वे में हुआ है। 

              इन मामलों में आरोपियों में मुख्य रूप से बिल्डर हैं जिनमें से एक बिल्डर राजनीतिक रसूख वाला भी है जिसने 100 करोड़ रुपये कर्मचारियों से जमा किए और अपने कारोबार में लगा दिए। इनकम टैक्स एक्ट के मुताबिक इस तरह के मामले में अपराधी को कम से कम तीन महीने की कठोर कारावास और ज़्यादा से ज़्यादा सात साल कारावास और हर्जाना देना पड़ सकता है। 

              अब देखना यह होगा कि जाँच में क्या निकल कर सामने आता है और क्या-क्या नए खुलासे होते हैं परन्तु इतना तो समझ में आ रहा है कि जनता के पैसे को कभी लोन के नाम पर तो कभी टैक्स के नाम पर लूटने का सिलसिला जारी है l