बेंगलुरु - वरिष्ठ पत्रकार ओर समाजसेवी गौरी लंकेश हत्याकांड मामले में एसआईटी को पहली सफलता प्राप्त हुई है। इस मामले में लगभग 5 महीने बाद 37 वर्षीय व्यापारी केटी नवीन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। एसआईटी ने इस मामले में केटी नवीन कुमार को पहला आरोपी बनाया है।

          जांच एजेंसी ने अदालत को जानकारी दी है कि आरोपी नवीन कुमार को 18 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा अवैध हथियार रखने के मामले में नवीन कुमार पर पहले से ही जांच चल रही है । दरअसल नवीन कुमार के खिलाफ तब शक की स्थिति पैदा हो गई जब आरोपी व्यापारी के कुछ मित्रों ने बयान दिये कि गौरी लंकेश की हत्या की साजिश में नवीन की भूमिका हो सकती है। कुमार से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया है और उसके बयान की कॉपी को कोर्ट में जमा करवाया गया है।

         पुलिस ने नवीन कुमार की कस्टडी को जारी रखने की सिफारिश की थी। उनके मुताबिक नवीन कुमार गौरी लंकेश हत्याकांड में अहम जानकारियां दे सकता है। लिहाजा कोर्ट ने नवीन कुमार की कस्टडी को 8 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। अब देखना यह होगा कि ५ महीने बाद मिली इस सफलता से आगे और क्या-क्या खुलासे होते हैं l