होशंगाबाद - जिला पंचायत सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने आम जनता के 90 आवेदनों पर सुनवाई की तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र इन आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम पंचायत पर्रादेह के उपसरपंच श्री राजेन्द्र यादव ने पंचायत के सरपंच द्वारा ग्राम पंचायत के काम काज में मनमानी करने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि सरपंच द्वारा निर्माण कार्य मनमाने तरीके से किए जा रहे हैं। आय-व्यय की ठीक से जानकारी भी नहीं दी जा रही है। बिना ग्राम पंचायत की बैठकों के राशि का आहरण किया जा रहा है। सरपंच की लापरवाही के कारण वृक्षारोपण के दौरान पंचायत द्वारा लगाये गए पौधे भी बड़ी संख्या में नष्ट हो गए हैं। कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत होशंगाबाद को इन आरोपों की जाँच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम पांजराकलॉ तहसील होशंगाबाद निवासी श्री सुआलाल ने लोक निर्माण विभाग द्वारा बिना सहमति लिए उनके खेत की बागुड़ तोड़कर नाली एवं रोड़ बनाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उन्हें किसी प्रकार का मुआवजा भी प्राप्त नहीं हुआ है तथा नाली का पानी उनके खेत में आ रहा है। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को उक्त समस्या का निराकरण कर प्रतिवेदन समय सीमा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। तहसील डोलरिया के ग्राम मोहारी एवं आमूपुरा के किसानों ने बताया कि गत दिनों हुई ओलावृष्टि से उनकी फसलों का नुकसान हुआ है परंतु फसल बीमा के लिए सर्वे कार्य की सूची हेतु नाम नहीं जुड़ा है। कलेक्टर ने एसडीएम होशंगाबाद को जाँच कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम कालाआखर के किसान श्री खुशीलाल ने बताया कि वे इटारसी प्रूफ रेंज से विस्थापित कृषक हैं। शासन द्वारा भूमि अधिकृत किए जाने के पश्चात ग्राम कालाआखर में उन्हें 10 एकड़ जमीन दी गई थी परंतु राजस्व रिकॉर्ड में हेरा-फेरी कर उनकी 5 एकड़ जमीन कम कर दी गई है। कलेक्टर ने एसडीएम इटारसी को प्रकरण की जाँच कर समय सीमा बैठक में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम सोठिया तहसील इटारसी के श्री ओमकार सिंह तोमर ने गांव के एक लड़के एवं उसकी माँ द्वारा उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसला कर अपने घर ले जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पथरोटा थाने में शिकायत किए जाने पर थाना प्रभारी द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। कलेक्टर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को यथोचित कार्यवाही कर अवगत कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में निषादराज सेवा समिति ईदगाह मोहल्ला होशंगाबाद के अध्यक्ष श्री केशव रैकवार ने बताया कि उनके समाज के अधिकांश लोग अल्प शिक्षित हैं तथा उन लोगों की पैतृक सम्पत्ति ईदगाह मोहल्ला खोजनपुर में है। राजेन्द्र वर्मा नामक व्यक्ति ने समाज के लोगों को बहला-फुसलाकर तथा उनके कम पढ़े-लिखे होने का फायदा उठाकर अनेक व्यक्तियों की सम्पत्ति हड़प ली है। कलेक्टर ने एसडीएम होशंगाबाद को जाँच कर आरोपी व्यक्ति के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बंगाली कॉलोनी होशंगाबाद निवासी श्रीमती ललिता साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीसरी किश्त प्राप्त ना होने की शिकायत की। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी होशंगाबाद को आवेदिका की तीसरी किश्त का भुगतान शीघ्र कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बराखड़कलॉ तहसील सिवनीमालवा की गीता बाई, शशि बाई आदि ने पट्टा प्रदान करने, ग्राम निपानिया के हरिप्रसाद ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाने, बालागंज होशंगाबाद के महमूद परवेज ने सीमाकंन करवाने, बनखेडी के लक्ष्मण सिंह तोमर ने नियमित वेतनमान प्रदान करने के लिए आवेदन दिया। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक गहलोत, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दीपक राय तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।