रेहटी  - चुनाव के पहले अटकले लगाई जा रही हैं कि नसरूल्लागंज या बुदनी को सीएम शिवराज सिंह चौहान जिला बना सकते हैं। लेकिन अब रेहटी क्षेत्र के लोग भी प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सलकनपुर को जिला बनाने की मांग उठाने लगे हैं । जहां नसरूल्लागंज, बुदनी और रेहटी तीनो तहसील के लोग अपनी अपनी तहसील में जिला बनाने के लिए शासन से पुरजोर मांग कर रहे हैें। ऐसे में शनिवार को सलकनपुर को जिला बनाने की मांग को लेकर रेहटी तहसील के लोगों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार राजेंद्र जैन को सौंपा।

          जिसमें बताया कि जिला सीहोर के अति विस्तृत क्षेत्र को देखते हुए लंबे समय से एक नवीन जिला बनाए जाने की आवश्यकता क्षेत्र में महसूस की जा रही है। क्योंकि बुदनी रेहटी और नसरूल्लागंज तहसील के लोगों के लिए जिला मुख्यालय सीहोर से १०० किमी से अधिक दूरी पर है। जिससे आम नागरिक को जिला मुख्यालय पर अपने आवश्यक कार्यों के लिए आने जाने में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं जिले की दूरी १०० किमी से अधिक होने के कारण यह तीनो तहसीलें  पिछड़ रही हैं। इस कारण हम क्षेत्र वासी सलकनपुर को जिला बनाने की मांग कर रहे है।

         सलकनपुर को जिला बनाए जाने  के आधार में बताया कि सलकनपुर एक ऐसा धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में है जिसमें कि १०० किमी के दायरे में गोहरगंज, बाड़ी, खातेगांव, बुदनी, रेहटी, नसरूल्लागंज तहसीलें आती है। सलकनपुर इन सभी तहसील मुख्यालयों का ऐसा मध्यक्षेत्र है जहां पर कि आवागमन अधिक सुविधाजनक है। सलकनपुर में पर्याप्त मात्रा में भूमि उपलब्ध है। जिसका उपयोग जिला मुख्यालय के आवश्यक भवन बनाने के लिए उपयोग किया जा सकता है।  जिससे यह सुनिश्चित है कि यह क्षेत्र भविष्य में विकसित क्षेत्र के रूप में पहचाना जाएगा। जो जिला मुख्यालय बनाने के लिए उचित स्थान है। सलकनपुर एक ऐसा मध्य स्थान है। जहां से प्रस्तावित जबलपुर इंदौर रैल लाईन एवं नर्मदा विकास पथ है। जो जिला मुख्यालय के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। ज्ञापन सौंपने वालो में एडवोकेट चंद्रशेखर चौहान, वीरेंद्र यादव और अवधनारायण वर्मा, मंगल सिंह चौहान, गुलाब सिंह चौहान, आरवी विश्वकर्मा, राकेश वर्मा, धु्रव सिंह ठाकुर सहित कई लोग उपस्थित थे।