माचलपुर  -  दिनांक 24 फरवरी, शनिवार को नगर में व्याप्त जलसंकट को दूर करने में, नगर परिषद की नाकामयाबी के विरोध में पूर्व विधायक प्रियवृतसिंह खिंची व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीलू दुबे के नेतृत्व एवं महिला ब्लाक कांग्रेस के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नगर की महिला-पुरूषों के साथ जन आक्रोश रैली निकली गई , ज्ञापन सौंपा गया और धरना प्रदर्शन किया गया ।

              रैली शीतला माता मन्दिर से प्रारंभ होकर, परिषद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नगर परिषद कार्यालय पहुँची । रैली में सम्पतबाई विश्वकर्मा हाथों में चूड़ियाँ व महिला श्रृंगार से सुजज्जित थाल लिये महिलाआें के साथ चल रही थी । सभी ने नगर परिषद पहुँचकर, गेट के सामने खाली मटका फोड़ा ।

              इस अवसर पर नगर परिषद से गायब रहे अध्यक्ष कन्हैयालाल वर्मा की टेबिल व कुर्सी को चूड़ियाँ, सिन्दुर, टीकी व ब्लाउज पीस प्रतीक स्वरूप भेंट कर नगर परिषद का घेराव किया गया । खिंची ने परिषद पर आरोप लगाया कि नगर परिषद ने समय रहते उपाय नहीं किये जिसके कारण नगर की जनता को 10-10 दिन के अंतराल में पानी मिल रहा है। समय रहते उपाय नहीं किये गये, तो हम उग्र आंदोलन करेंगे।

             वहीं नगर कांग्रेस अध्यक्ष आशीष सर्राफ ने कहा, कि उक्त जल संकट नगर परिषद ने जानबूझकर कमीशन के लालच में पैदा किया है ,नगर परिषद ने समय रहते जल संसाधनों का संरक्षण नहीं किया। जिसके कारण जनता में पानी के लिये त्राही त्राही मची हुई है। इस अवसर पर कलेक्टर के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार एम.एल. पंथी ने लिया एवं सी.एम.ओ. धीरज शर्मा ने जल संकट दूर करने के लिये किये जा रहे प्रयासों को बताया। बाद में सभी कांग्रेसी, सोसायटी के सामने झण्डा चौक पर दो दिवसीय धरना आंदोलन पर बैठ गये ।