सोहागपुर - महाशिवरात्री पर लगने वाले मेले में मंदिर प्रांगण में वितरित साबूदाने की खिचड़ी खाने से सैंकड़ों लोग बीमार हो गए थे और २ कन्याओं की मौत हो गयी थी l इसी मामले के विरोध में ब्लाक कांग्रेस कमेटी सोहागपुर ने एक धरना सभा का आयोजन किया और अनुविभागीय अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है l
अनुविभागीय अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि हम सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता आपसे निवेदन करते हैं कि सोहागपुर में दिनांक १४/०२/२०१८ को महाशिवरात्री पर्व पर शंकर मंदिर प्रांगण में वितरित साबूदाने की खिचड़ी खाकर लगभग ३९३ लोग बीमार हो गए थे और अजब गाँव निवासी २ कन्याओं की मौत हो गयी थी l परन्तु आज दिनांक तक दोषियों के खिलाफ कोई दण्डात्मक कार्यवाही नहीं की गई है ओर न ही बीमार परिवार एवं मृतकों के परिवार को मुआवजा राशि वितरित की गई है l
ज्ञापन में कहा गया है कि इसके पहले भी ब्लाक कांग्रेस द्वारा इस सम्बन्ध में एक ज्ञापन दिया गया था परन्तु उस पर भी कोई कार्यवाही नहीं की गई है l आज फिर से इस ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी आपसे मांग करती है कि बीमारों को एक-एक लाख एवं मृतकों के परिवार को १०-१० लाख रूपये दिए जाएँ और मामले की न्यायिक जाँच करते हुए दोषियों के खिलाफ दण्डात्मक कार्यवाही की जाये l यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो कठोर आन्दोलन किया जायेगा ओर न्यायलय की शरण ली जाएगी l इसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी l
ब्लाक कांग्रेस कमेटी के इस धरना सभा में वक्ताओं ने शासन में बैठे लोगों को आड़े हाथों लिया ओर कहा कि इनकी कथनी और करनी में अंतर है l इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं म.प्र.कांग्रेस कमेटी की महासचिव सविता दीवान शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक ठाकुर, नपा अध्यक्ष संतोष मालवीय सहित सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे l
म.प्र.कांग्रेस कमेटी की महासचिव सविता दीवान शर्मा ने कहा कि - सोहागपुर में हुए फ़ूड पाईजनिंग मामले की न्यायिक जाँच होना चाहिए ओर दोषियों के खिलाफ दण्डात्मक कार्यवाही होना चाहिए l उन्होंने कहा कि मामले में लीपापोती हो रही है लीपापोती करने वाले यह भी कह सकते है कि कन्यायें घर से ही जहर खाकर आई थी या ऐसा भी कह सकते हैं की ये तो मष्तिष्क ज्वर से पीड़ित हैं l