मथुरा -    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बार मथुरा जिले के बरसाना में लट्ठमार होली खेलेंगे l जानकारी के अनुसार वह 24 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक लट्ठमार होली कार्यक्रम में शामिल रहेंगे l बरसाना की यह लट्ठमार होली दुनिया भर में मशहूर है l बरसाने की मशहूर होली में महिलाएं हाथ में लट्ठ लेकर पुरुषों को पीटती हैं और पुरुष इस पर अपना बचाव करते हैं l 

           योगी आदित्यनाथ के मथुरा पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है, लेकिन दूसरी ओर इसको लेकर राजनीति शुरू हो गई है l विपक्ष का कहना है कि सीएम सिर्फ हिंदुओं के त्योहार में शामिल हो रहे हैं और बाकी संप्रदाय के त्योहारों को नजरअंदाज कर रहे हैं l 

          बता दें कि हाल में यूपी के पर्यटन विभाग ने ताज महोत्सव की शुरुआत रामायण के मंचन के साथ करने का निर्णय लिया था l इसको भी मुस्लिम समुदाय में अच्छे नजरिए से नहीं देखा गया l हिंदुओं के त्योहार में शामिल होने और मुस्लिम त्योहारों से दूरी बनाने के कथित दोहरे मापदंड को लेकर सीएम योगी की आलोचना की जा रही है l  

         मुस्लिम समाज के कुछ लोगों को लगता है कि सीएम योगी को ऐसे आयोजनों से दूर रहना चाहिए, क्योंकि इससे एक खास धर्म के प्रति झुकाव का संदेश जाता है l उनके अनुसार सीएम की ऐसी छवि बन रही है कि यह प्रदेश एक सांप्रदायिक सरकार चला रही है l 

         सीएम योगी ने अयोध्या में दिवाली मनाई थी और अब वह मथुरा के बरसाने में होली मनाने जा रहे हैं l सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी के साथ इस कार्यक्रम में पंडित जसराज, हरिप्रसाद चौरसिया, हेमा मालिनी, धर्मेंद्र जैसे कलाकार भी शामिल होंगे l