राजगढ़  - कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने गत दिवस विद्युत विभाग के समस्त अधिकारियों के साथ शत-प्रतिशत घरों को सौभाग्य योजनान्तर्गत विद्युत संयोजन प्रदाय करने संबंधी प्रगति बैठक की समीक्षा की।

            बैठक के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने विद्युत विभाग के समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्षा ऋतु के प्रारंभ होने के पूर्व माह जून 2018 तक शत-प्रतिशत घरेलू कनेक्शन प्रदान करने का लक्ष्य प्राप्त करना सुनिष्चित करें l इस हेतु स्पष्ट कार्य योजना बनाये एवं क्रियान्वयन समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने संयोजन देने के समय सभी हितग्राहियों के आधार एवं मोबाईल नम्बर भी रिकार्ड में दर्ज कराने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों से योजना के क्रियान्वयन के दौरान सतत संपर्क में रहकर उनका आवश्यक सहयोग प्राप्त करने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।

            इस मौके पर अधीक्षण यंत्री द्वारा बताया गया कि भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना सौभाग्य 11 अक्टूबर 2017 से प्रारंभ की गई है l इस योजनान्तर्गत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सभी अविद्युतीकृत घरों एवं शहरी क्षेत्रों के बी.पी.एल. हितग्राहियों को विद्युत संयोजन प्रदान किया जाएगा। म.प्र. शासन द्वारा इस योजना के क्रियान्वयन हेतु माह अक्टूबर 2018 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

           ग्रामीण क्षेत्रों में एसईसीसी 2011 की सूची के आधार पर आर्थिक रूप से सभी गरीब हितग्राहियों को निःशुल्क विद्युत संयोजन प्रदाय किया जाएगा एवं गरीबी रेखा से उपर जीवन यापन करने वाले हितग्राहियों से 50 रूपये प्रतिमाह की 10 किश्तों में कुल 500 रूपये संयोजन शुल्क भी लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी हितग्राहियों को संयोजन उपरांत नियमानुसार मासिक विद्युत देयक का भुगतान किया जाएगा।

          जिले में 11 अक्टूबर 2017 से अब तक 34,181 घरों में नये विद्युत संयोजन जारी किये गये हैं। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में 54.4 प्रतिशत एवं शहरी क्षेत्र में 96.28 प्रतिशत विद्युतीकरण किया जा चुका है। जिले में 1677 आबादी वाले ग्र्रामीण क्षेत्रों में से 393 ग्रामों को शत-प्रतिशत विद्युतीकृत घोषित किया जा चुका है। इकलेरा एवं सारंगपुर वितरण केन्द्रों के अंतर्गत आने वाले हितग्राहियों को घरेलू संयोजन प्रदान किए गए है। इस अवसर पर विद्युत विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।