होशंगाबाद -   जिला पंचायत के सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा एवं डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक गेहलोत ने आम जनता के 72 आवेदनों पर सुनवाई कर उनका निराकरण किया। जनसुनवाई में भावांतर भुगतान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अतिक्रमण हटाने, पट्टा प्रदान करने, आर्थिक सहायता प्रदान करने आदि से संबंधित आवेदन आए।

                पोषण पुर्नवास केन्द्र मे कार्यरत संविदा कर्मचारी प्रीति साहू, अनीता, नुसरत आदि वेतन विसंगति की शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंची । उन्होने बताया कि जनवरी 2017 से एनआरसी में कार्यरत संविदा स्टॉफ के वेतन से ईपीएफ, टीडीएस आदि के नाम पर राशि काटी जा रही है। जहां अन्य जिलो में ईपीएफ 12 प्रतिशत कट रहा है वहीं होशंगाबाद में 34 प्रतिशत कटौती की जा रही है। उन्होने वेतन विसंगति में सुधार करने की मांग की।

               जिला पंचायत सीईओ श्री शर्मा ने सीएमएचओ को समस्या का निराकरण कर प्रतिवेदन समय सीमा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम परढई ठाकुर तहसील बनखेडी निवासी श्री हरिकिशन ने पुत्र द्वारा मारपीट करने एवं अवैधानिक तरीके से भूमि हडपने की शिकायत की। श्री शर्मा ने एसडीएम पिपरिया को भरण पोषण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

              ग्राम बुधवाडा तहसील होशंगाबाद निवासी श्री हजारीलाल यादव ने बताया कि बुधवाडा से टुगारिया जाने वाले मार्ग पर स्थित शासकीय गोहा में कुछ लोगो ने अतिक्रमण कर पक्के मकान बना लिए है। इस वजह से कई किसानो की जमीन का पहुंच मार्ग पूरी तरह से बंद हो चुका है एवं उन्हे समस्या का सामना करना पडता है। श्री शर्मा ने एसडीएम होशंगाबाद को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

             ग्राम तीखड तहसील इटारसी निवासी श्रीमती सुषमा हनोतिया ने पात्र होने पर भी पंचायत सचिव द्वारा राशन कार्ड न बनाने की शिकायत की। उन्होने बताया कि उनके द्वारा सभी औपचारिकताएं पूर्ण कराने के बावजूद सचिव ने उनका राशन कार्ड नही बनाया है। श्री शर्मा ने सीईओ जनपद पंचायत केसला को आवेदिका का राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।

             जिला पंचायत सदस्य अनुराधा पटेल ने सांवलखेडा माइनर - 2 नहर का निर्माण शीघ्र कराने के लिए आवेदन दिया। उन्होने कहा कि उक्त नहर के निर्माण पर लगी रोक 6 माह पूर्व सिंचाई ट्रिब्यूनल द्वारा हटाई जा चुकी है। इस नहर के बनने से सैकडो एकड भूमि सिंचित  की जा सकेगी किन्तु इस मामले में जल संसाधन विभाग द्वारा उदासीनता बरती जा रही है। श्री शर्मा ने अधीक्षण यंत्री तवा परियोजना को नहर के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा इस संबंध में समय सीमा बैठक में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

            होशंगाबाद निवासी शमशाद खान ने प्लाट विक्रेता द्वारा धोखाधडी करने की शिकायत की। उन्होने बताया कि प्लाट क्रय करने के पश्चात उन्होने उसकी रजिस्ट्री भी कराई थी परन्तु सीमांकन करने के समय उन्हे ज्ञात हुआ कि वह प्लाट किसी अन्य व्यक्ति का है। उन्हे इस संबंध में प्लाट विक्रेता द्वारा गुमराह किया जा रहा है। डिप्टी कलेक्टर ने एसडीएम होशंगाबाद को प्रकरण की जांच कर दोषी के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

            ग्राम नगबाडा तहसील बाबई के रूपसिंह मेहरा ने शासन द्वारा प्रदान की गई पट्टे की जमीन पर ग्राम पंचायत बागलखेडी के सरपंच द्वारा मनमाने तरीके से चबूतरे का निर्माण किए जाने की शिकायत की। डिप्टी कलेक्टर ने तहसीलदार बाबई को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। डोलरिया निवासी संतोषी बाई ने अपने नाम दर्ज पट्टे की भूमि पर देवर के परिवार द्वारा मकान बनाने की शिकायत की एवं अपनी भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग की। डिप्टी कलेक्टर ने तहसीलदार डोलरिया को अनावेदक के विरूद्ध बॉन्ड ओवर की कार्यवाही कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस प्रकार कुल ७२ आवेदनों पर सुनवाई करते हुए उनका निराकरण किया गया है l