शारीरिक व मानसिक प्रताणना से तंग आकर महिला ने खुद पर मिट्टी तेल डालकर खुदकुशी करने का प्रयास किया है, घटना के बाद परिवारजनों और मोहल्ले वालों की समझदारी से किसी तरह महिला को बचाया जा सका है। बताया जाता है कि चंदिया थाना अंतर्गत वार्ड नं 5 अग्रवाल मोहल्ला निवासी पीड़िता कौशल्या बाई का अपने पति महेश प्रजापति से किसी बात पर विवाद हो गया l

           विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने गुस्से में आकर अपने उपर मिट्टी का तेल डाल लिया ,हालांकि किसी तरह महिला को मनाया गया जिसके बाद महिला ने अपना इरादा बदला है,थाना प्रभारी अरुण सिंह परिहार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति के विरुद्ध धारा 496(ए) का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

          विदित हो कि फरियादी महिला आरोपी पति की दूसरी पत्नी है, आरोपी पति की पहली पत्नी का विवाह के कुछ वर्षों बाद ही किन्ही कारणों से देहांत हो गया था, जिसके बाद आरोपी पति ने दूसरा विवाह फरियादी महिला के साथ किया। इस मामले में यह भी बताना जरूरी है कि फरियादी महिला के बड़े-बड़े दो बेटे है,बावजूद इसके अक्सर दोनों में अलग अलग कारणों से विवाद होता रहा है, पूर्व में भी कई बार इन दोनों के बीच पारिवारिक विवाद हुआ है l जिसकी शिकायतें भी की गई है।

         जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम 6 बजे हुए इस पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी को थाने में शिकायत के दौरान थाना प्रभारी अरुण सिंह ने भी काफी देर तक समझाया और उसे भविष्य में खुदकुशी जैसा दुस्साहस न करने की नसीहत दी है,समझाइश के बाद महिला ने इसे गम्भीरता से लिया है ।