उमरिया - विगत कई वर्षो से अभ्यावेदन, आवेदन, प्रतिवेदन एवं निवेदन करके थक चुके मप्र सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारी संघ, मप्र वाणिज्यिक कर निरीक्षक संघ एवं मप्र कराधान सहायक संघ के राजपत्रित एवं कार्यपालिक अधिकारी वेतन विसंगति को लेकर वाणिज्यिक कर विभाग के तीनों संगठनों के द्वारा सोमवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल व धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
छठवें वेतनमान को लागू करते समय राज्य सेवा परीक्षा से चयनित कार्यकारी अधिकारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों का वेतनमान क्रमशः 28 सौ एवं 36सौ ग्रेड पर नियमित किया गया था, किन्तु शासन द्वारा इनके समकक्ष संवर्गो का वेतनमान संशोधित कर तहसीलदार, पुलिस अधीक्षक, जिला सहायक आबकारी अधिकारी का ग्रेड 42सौ पर एवं नायब तहसीलदार, पुलिस उपनिरीक्षक एवं आबकारी उपनिरीक्षक का 36सौ ग्रेड पर नियत किया गया।
किन्तु वाणिज्यिक कर विभाग के कराधान सहायक, वाणिज्यिक कर निरीक्षक एवं सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारी तीनों संवर्गो की वेतन विसंगतियों को आज तक दूर नहीं किया जाना न्यायोचित नहीं है। इनकी न्यायोचित मांगो को देखते हुये विभाग के कर्मचारी संगठन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के संगठन द्वारा सामूहिक एवं नैतिक समर्थन दिया गया है।
हड़ताली संगठनों के अनुसार अगर शासन द्वारा वेतन विसंगतियों को शीघ्र दूर नहीं किया जाता है तो उपरोक्त तीनो संवर्ग के संगठनों द्वारा इस आंदोलन को और तीव्र करने की बात कही है । इससे विभाग के समस्त कार्यालयों में पूर्ण तालाबंदी हो जाने की स्थिति निर्मित हो सकती है। जिससे राजस्व संग्रहण एवं प्रशासकीय कार्य बंद हो जायेगे। इस आंदोलन से शासन के राजस्व नुकसान हानि की समस्त जवाबदेही मप्र शासन की होगी।