माचलपुर :- क्षेत्र में काफी समय से कालीसिंध नदी सहित अन्य स्थानों पर अवैध उत्खनन हो रहा था l इसको लेकर भगोरी में पिछले माह एक व्यक्ति की हत्या भी हो चुकी है लेकिन प्रशासन वा खनिज विभाग मूकदर्शक बना हुआ था l लेकिन जब ग्रामीणों द्वारा कालीसिंध नदी में अवैध उत्खनन की शिकायतें पुलिस अधीक्षक राजगढ़ सुश्री सिमाला प्रसाद को की गई तब इस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने हेतु एसडीओपी खिलचीपुर सुश्री निशा रेड्डी के नेतृत्व में थाने खिलचीपुर , भोजपुर , जीरापुर वा माचलपुर थानों के करीब 40 पुलिस कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने ग्राम पोलखेड़ा के पास कालीसिंध नदी पर चल रहे ,अवैध उत्खनन को रोकने हेतु चारो ओर से घेराबंदी कर दबिश दी गई l
पुलिस की इस कार्यवाही में 21 ट्रैक्टर, दो JCB को जब्त किया गया है तथा 14 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया है l एक व्यक्ति ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने नगर के सब्जी बाजार में दौड़कर उसे दबोच लिया l उसे पकड़कर थाने में लाया गया है, जहा अवैध उत्खनन की कार्यवाही की गयी है ।
क्षेत्र में दबंगो द्वारा अवैध उत्खनन का कार्य जारी है, लोग इनसे डरते है, इसलिये शिकायत नही होती है क्योंकि नेताओ की मिली भगत से ये कार्य होते हैं ,लेकिन पहली बार एसपी के निर्देशन में इतनी बड़ी कार्यवाही को पुलिस ने अन्जाम दिया है जिसकी चारो ओर प्रशंसा हो रही है ।