माचलपुर :- नगर में गुरुवार को ब्लाक महिला कांग्रेस के नेतृत्व में ढोल ढमाके के साथ एक रैली के रूप में महिला, पुरुष एवं पार्षद नगर परिषद कार्यलय पहुचे l जहाँ नगर में व्याप्त भीषण पेयजल संकट को हल करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन मुख्य नगर पालिका अधिकारी धीरज शर्मा को सौंपा गया l

               ज्ञापन में कहा गया है कि जनता को आठ दिन में एक बार पेयजल सप्लाई किया जा रहा है l जिससे जनता परेशान है l ज्ञापन में महिला ब्लाक अध्यक्ष सम्पतबाई ने कहा कि आज जो नगर की जनता बून्द बून्द को तरस रही है,वह नगर परिषद की गलत नीतियों का परिणाम है l क्योकि नगर के अधिकांश जल स्रोतों पर नगर परिषद ध्यान देती ओर संरक्षण करती तो ये दिन नही देखने पड़ते l जब उन स्रोतों में पानी था तब सिचाई होते देखती रही, उन पर कार्यवाही नही की गई l आज स्थिति यह है कि महिलाएं दूर दूर बून्द बून्द पानी के लिये भटक रही है ।

              साथ ही एक वर्ष से घोड़े वाली बिल्डिंग के सामने स्थित दीपचंदजी के कुँए का पम्प बंद पड़ा है l इसमें नाली के पानी का रिसाव होता है l रिसाव को बंद कर कुँए का पम्प चालू किये जाने की मांग एक वर्ष से कर रहे लेकिन अभी तक ध्यान नही दिया गया है l ज्ञापन में मांग की गई है कि इसको भी शीघ्र चालू किया जावे अगर एक सप्ताह में व्यवस्था नही सुधरी तो नगर परिषद का घेराव कर अध्यक्ष उपाध्यक्ष जनप्रतिनिधियो को चूड़ियां भेंट की जावेगी l साथ ही उग्र आंदोलन किया जावेगा l

              इस मौके पर सीएमओ शर्मा ने ज्ञापन देने वालो को आश्वासन दिया कि पांच दिनों में पेयजल व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जावेगा साथ ही तीन दिनों में कुँए को नाली की मरम्मत कर चालू करवाने का प्रयास किया जावेगा l इस मौके पर पार्षद महेश बारोड , सतीश गोयल , राधेश्याम विश्वकर्मा , प्रदीप जायसवाल, दोलत सोनी, वर्ष गृर्जर सहित बडी संख्या में महिलाये एवं पुरुष उपस्थित थे ।