भोपाल - प्रदेश के दतिया में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय का परिसर शीघ्र प्रारंभ होगा । जनसंपर्क, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र के अनुसार इस बारे में प्रयास तेज़ी से किये जा रहे है जिसका सकारात्मक परिणाम जल्दी ही सबके सामने आएगा l उन्होंने कहा कि युवाओं को पत्रकारिता के क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए यह कदम बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा l
दतिया जिला प्रशासन द्वारा पाँच एकड़ भूमि बक्शी मंदिर के पास दिए जाने की औपचारिकता पूरी कर दी गई है। आने वाले शैक्षणिक सत्र से पाठयक्रम कक्षाएं संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था कर ली गई है।
इलेक्ट्रॉनिक और प्रिन्ट मीडिया के साथ ही सोशल मीडिया के विस्तार को ध्यान में रखते हुए दतिया में पत्रकारिता विश्वविद्यालय के परिसर की आवश्यकता थी । दतिया में विभिन्न अखबारों के प्रतिनिधि कार्यरत हैं। इसके साथ ही अनेक टी.व्ही.चैनल्स के लिए भी प्रतिनिधि पदस्थ हैं।
दतिया में चिकित्सा महाविद्यालय का भवन भी बनकर तैयार हो चुका है। जो कि बहुत जल्दी ही शुरू होने वाला है l इसके अलावा दतिया में केन्द्र और राज्य सरकार के अनेक कार्यालय संचालित हैं। पत्रकारिता विश्वविद्यालय के परिसर के प्रारंभ होने से दतिया क्षेत्र के युवाओं को रोजगार की दृष्टि से अधिक अवसर प्राप्त हो सकेंगे । इसके माध्यम से युवाओं को पत्रकारिता को करीब से देखने ओर समझने का मौका मिलेगा l