रेहटी - नर्मदा घाटो को स्वच्छ और साफ बनाने के लिए नशामुक्ति सफाई अभियान समिति जिसे ग्रामीण क्षेत्र में गुलाबी ब्रिगेड के नाम से जाना जाता है की महिलाओं ने नर्मदा को प्रदूषण मुक्त करने की शपथ ली है l इस समिति की महिलाएं एक ड्रेस में गुलाबी कपड़े पहनकर नर्मदा घाटो की पिछले तीन वर्षों से सफाई कर रही हैं। और अब इस समिति ने जागरूकता अभियान नर्मदा घाटो पर चलाया है। इस अभियान का शुभारंभ आंवलीघाट से किया गया है। 

         समिति की अध्यक्ष सुशीला निमोदा ने बताया कि तीन वर्षों से चल रहे इस अभियान का शुभारंभ शराबबंदी नशामुक्ति से किया था । बाद में नर्मदा घाटो की सफाई का काम हाथ में महिलाओं ने लिया और अब रविवार से आंवलीघाट में ५ हजार महिलाओं ने संकल्प लिया है कि वे नर्मदा में सफाई कार्य करेंगी । और गंदगी करने वाले को समझाईस देंगी ,और उन्हे जागरूक करने के लिए अभियान चलाएंगी । इस अभियान का शुभारंभ महिलाओं ने आंवलीघाट से किया है।

         क्या है योजना गुलाबी बिग्रेड की - महिला समिति की महिलाएं तीन समुह में घाटो पर पहुंचेगी। प्रथम समुह की महिलाएं घाट पर कपड़े, नारियल की बूच, गंदगी अन्य सामग्रीयों को उठाकर ट्राली में डालेंगी। दूसरे समुह की महिला घाट पर नहाने वाले आरती करने वाले नारियल प्रसाद चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं को समझाईस देंगी और उन्हे जागरूक करने का काम करेगी। वहीं तीसरे समुह की महिलाएं ध्वनि विस्तारक यंत्रो से अपनी बातो को लोगों तक पहुुंचाएंगी। और जो लोग नर्मदा घाटो पर गंदगी कर रहे हैं उनके पास जाकर गांधीवादी नीति के अंतर्गत उन्हे एक फूल देकर समझाईस देंगी। और उनके द्वारा फैलाया गया कचरा उठाकर डस्टबिन में डालेंगी।

        यह अभियान रविवार से प्रारंभ किया है। इस अभियान में ५ हजार महिलाएं अलग-अलग समुह में अलग-अलग घाटो पर एक साथ अभियान चलाएंगी। जिससे नर्मदा घाटो पर तेजी से जागरूकता बड़े और नर्मदा कम से कम प्रदूषित हो। यह कठिन अभियान होने के बाद भी इस चुनौती का सामना करने के लिए महिलाएं तैयार है। 

        स्थानीय लोगों का लेंगी सहयोग - धनकोट निवासी पुनिया बाई, सुक्की बाई, गुलाब बाई, बिमला बाई, गौरा बाई और जमना बाई ने इस अभियान का शुभारंभ किया है। क्योंंकि महिला समिति का यह अभियान नशामुक्ति से प्रारंभ हुआ था। और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं की मांग पर ही नर्मदा ५ किमी क्षेत्र में शराब विक्रय करने और पीने पर प्रतिबंध लगाया था। अब प्रदूषण रोकने के लिए यह जागरूकता अभियान महिलाओं ने हाथ में लिया है। 

       सुरेश विश्वकर्मा सरपंच मरदानपुर  -महिलाओं का यह अभियान सराहनीय कदम है। इसका स्थानीय ग्राम पंचायत और स्थानीय लोग पूर्ण रूप से समर्थन कर रहे हैं।  

       राजेंद्र जैन, तहसीलदार रेहटी - नर्मदा को प्रदूषण मुक्त करने में महिलाओं को प्रशासन की ओर से जैसा भी सहयोग चाहिए, प्रशासन को करने को तैयार है। और प्रशासन भी महिलाओं को जागरूकता में सहयोग करेगा।
     

       सुशीला निमोदा, अध्यक्ष नशाामुक्ति महिला समिति - यह जागरूकता अभियान आंवलीघाट से प्रारंभ किया है। इसे प्रत्येक घाट पर चलाया जाएगा। अभी बुदनी विधानसभा क्षेत्र के घाटो पर और बाद में नर्मदा के सभी घाटो पर चलाने की महिलाओं की योजना है।