जम्मू- पठानकोट मार्ग पर सुंजुवान में आतंकियों ने सेना के कैंप पर हमला किया है । हमले में एक हवलदार और उनकी बेटी समेत तीन जवान घायल बताए जा रहे हैं। ख़बरों के मुताबिक हमला तीन से पांच आतंकियों ने अंजाम दिया है , पुलिस सर्च ऑपरेशन में जुटी है। हमला सुंजवान आर्मी कैंप पर किया गया। आतंकियों ने सुबह 4:55 बजे अंधेरे का फायदा उठाते हुए सेना के कैंप पर फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक यह हमला कैंप के फैमिली क्वॉर्टर्स पर किया गया।
फिदायीन हमले की आशंका
माना जा रहा है कि यह फिदायीन हमला हो सकता है, लेकिन अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।जम्मू के आईजी एसडी सिंह जमवाल ने बताया कि सुबह करीब 4 बजकर 55 मिनट पर एक संतरी ने संदिग्ध हरकत देखी। संतरी ने फायर किया, तो उधर से भी गोली चलने लगी। उन्होंने बताया कि इस हमले में कितने आतंकी हैं, यह पता नहीं है। सिंह ने बताया कि हमले में एक हवलदार और उनकी बेटी घायल हुई हैं। इस हमले में अभी तक कुल तीन घायल बताए जा रहे हैं।