आठनेर -  ब्लॉक के ग्राम टेमुरनी स्थित बालक छात्रावास के एक छात्र की बुधवार सुबह तबीयत बिगडऩे पर इलाज के लिए आठनेर लाते समय रास्ते में मौत हो गई। छात्र की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। छात्र को हॉर्ट पेसेंट बताया जा रहा है। खबर लगते ही विभागीय अधिकारी आठनेर पहुंच गए थे। परिवार के लोगों को आर्थिक सहायता दी गई है। आठनेर क्षेत्र के ग्राम टेमुरनी बालक छात्रवास कक्षा 8वी के छात्र अनुज पिता नवल सलामे निवासी बोथी की बुधवार सुबह 7 बजे मौत हो गई। अधीक्षक कृष्णराव गलफट ने बताया कि सुबह 4:30 बजे चौकीदार ने बताया कि छात्र की तबीयत अचानक खराब हो गई है तो सुबह 5:30 तक हॉस्टल पहुंचा।

            छात्र को गाड़ी से स्वास्थ्य केन्द्र आठनेर लाया जा रहा था, रास्ते में उसकी मौत हो गई। छात्र की तबीयत पहले भी ठीक नही रहती थी। 4 जनवरी को छात्र का चेकअप जिला चिकित्सालय में कराया गया था। छात्र को हार्ट का पेसेंट बताया गया था। उसका इलाज घर पर भी लंबे समय से चल रहा था। छात्रावास के चपरासी सुखनंदन उइके ने बताया कि छात्र को सुबह उल्टी हुई थी। छात्र को पानी पिलाया और फिर वह सो गया था। सुबह साढ़े पांच बजे फिर तबीयत बिगड़ी तो अधीक्षक को इसकी सूचना दी। आठनेर अस्पताल के डॉक्टर जे अतरे ने बताया कि हॉर्ट अटैक से मौत की आशंका है। पीएम के बाद सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।