रेहटी - पुलिस की अनदेखी के चलते बिना पंजीयन वाले वाहन नगर की सड़कों पर बेधड़क दौड़ रहे हैं। वाहन खरीदे लंबा समय गुजरने के बाद भी कई वाहन मालिकों ने पंजीयन नंबर अंकित कराने की जहमत तक नहीं उठाई है। हालात यह है की कई वाहन धारकों ने वाहनों की नंबर प्लेट पर स्लोगन नाम तथा पदनाम अंकित करा रखा है। 

        नियम कायदों की कोई परवाह तक नहीं है। नए वाहन खरीदी के कुछ समय बाद आरटीओ द्वारा वाहन के नंबर तो जारी कर दिए जाते हैं, लेकिन वाहन चालकों द्वारा वाहन पर नंबर अंकित करवाए जाते हैं। लोगों का कहना है कि बिना नंबर के मोटर साइकिल पर तीन से चार युवक सवार होते हैं और नगर में हुड़दंग मचाते हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं है।

एक वाहन पर तीन या चार सवार 

       नगर में वाहन चालकों की लापरवाही इस कदर तक बढ़ चुकी है की वाहन चालक दोपहिया पर नियमों को ताक में रखकर तीन से उससे अधिक सवारियों का सवार कर लेता है। नियमानुसार दोपहिया पर दो से ज्यादा सवार होने पर कार्रवाई होती है, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के अवहेलना हो रही है।

नाबालिग करते हैं हादसे

      स्कूल तथा ट्यूशन वाहनों से जाने वाले नाबालिग वाहन चालक भी आए दिन हादसों को आमंत्रित करते हुए देखे जा सकते हैं। नियमों से अनजान ये नाबालिग भी वाहन पर दो से अधिक सवार होकर नगर में मनमाने अंदाज में वाहन दौड़ाते हैं।

प्रेस लिखी गाडिय़ों का अंबार 

     नगर के लोगों ने गाडिय़ों पर प्रेस शब्द लिखा रखा है। इनका पत्रकारिता से नाता नहीं है फिर भी प्रेस लिखकर पुलिस के सामने रौब झाडऩे से बाज नहीं आ रहे। पुलिसवाले चाहकर भी इन पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं।