भोपाल  - राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज शौर्य स्थल का भ्रमण कर वहां स्थापित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की ।  इस अवसर पर  प्रमुख सचिव, संस्कृति विभाग श्री मनोज श्रीवास्तव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्मारक में सीमा पर सेना और सैनिकों की गतिविधियों को बहुत अच्छे से प्रदर्शित किया गया है, ऐसा लगता है कि हम प्रत्यक्ष रूप से सीमा पर सब देख रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की शौर्य स्मारक की स्थापना के लिए प्रशंसा की । उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की दढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।

            राज्यपाल ने कहा कि युद्ध और सीमा की गतिविधियों के फोटोग्राफ और चिंत्राकन अनूठा है।  युद्ध और कश्मीर की सीमा के हालात ऐसे दिखाये गये हैं जिन्हें देखकर सैनिकों के प्रति मन में उत्पन्न आदर और  सम्मान का भाव हमेशा के लिए बना रहता है। श्रीमती आनंदीबेन ने कहा कि सैनिकों की स्कूलों और कालेजों में विद्यार्थियों से भेंट कराना चाहिए l राज्यपाल ने कहा कि आज हम आजाद देश में चैन से सो रहे हैं वह शहीद सैनिकों के बलिदान का ही फल है। हमारे देश के हर शहीद की शौर्य गाथा हमारे लिए इतिहास है। सभी बच्चों और युवाओं को इस स्मारक को देखना चाहिए।

            राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन ने कहा कि हर माता-पिता को अपने बच्चों के साथ इस स्थल को जरूर देखना चाहिए, इससे उन्हें देश भक्ति और देशसेवा की प्रेरणा मिल सकेगी । राज्यपाल महोदया ने शौर्य स्थल पर मध्यप्रदेश के शहीदों के गाँवों से लाई गई मिट्टी(शौर्य रज) पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।