होशंगाबाद – पर्यटन नगरी होशंगाबाद के मुख्य बस स्टैंड पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोर लापरवाही उजागर हुई है जहाँ ध्वजारोहण ही नहीं किया गया है l पूरे देश में आज गणतंत्र दिवस की धूम है और देशवासियों में देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा है परन्तु बड़े दुर्भाग्य की बात है कि होशंगाबाद मुख्य बस स्टैंड स्थित ध्वजारोहण स्थल पर सन्नाटा पसरा हुआ है और जिम्मेदार अंधत्व का चश्मा पहने हुए हैं l
बस स्टैंड का संचालन और व्यवस्थाओं की देख रेख की जिम्मेदारी बस स्टैंड प्रबंधन समिति की रही है l सवाल यह उठता है कि विगत वर्ष भी परंपरागत रूप से जब राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण किया गया था तो इस वर्ष वहां ध्वजारोहण आखिर क्यों नहीं किया गया ? होशंगाबाद की जागरूक जनता यह जानना चाहती है l
जानकारी के मुताबिक ध्वजारोहण स्थल के आसपास से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई थी जिसके उपरान्त आज ध्वजारोहण स्थल के आसपास पुताई सफाई और स्वक्षता का वातावरण तो दिखाई दे रहा है लेकिन ध्वजारोहण स्थल ध्वज विहीन है l जनचर्चा में लोकतंत्र की गरिमा राष्ट्रीय ध्वज को परंपरागत रूप से ससम्मान ना फहराने की खबर है, जिसकी पुष्टि उपरोक्त तस्वीर कर रही है l
आखिर तिरंगे को सलामी क्यों नहीं दी गई ? कहाँ गया और किसके पास है बस स्टैंड का तिरंगा यह अहम सवाल है ? जिला प्रशासन से भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश की अपील है तिरंगे की आज़ादी पर अतिक्रमण करने वालों की पहचान कर उन पर उचित कार्यवाही की जाये l ताकि आगामी राष्ट्रीय पर्व पर राष्ट्रीय ध्वज ससम्मान फहराया जा सके, और नगर के बस स्टैंड की गरिमा बनी रहे l