देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस आज अपना 133वां स्थापना दिवस मना रही है l राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद ये कांग्रेस का पहला स्थापना दिवस समारोह है l इस मौके पर आज देशभर में कांग्रेस की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं l गुरुवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर झंडा फहराया.
स्थापना दिवस कार्यक्रम में राहुलगाँधी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सच का साथ दिया है, आज के समय में बाबा साहेब अंबेडकर का दिया हुआ संविधान खतरे में है, उस संविधान पर हमला हो रहा है l ये देखना दुखद है, लेकिन हमारा कर्तव्य है कि हम संविधान की रक्षा करें l राहुलगाँधी ने भाजपा पर भी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लगातार झूठ के साथ आगे बढ़ रही है, भाजपा की तरफ से कांग्रेस के खिलाफ हमले हुए हैं l उन्होंने कहा कि हम भले ही हार जाएं, लेकिन सच का साथ नहीं छोड़ेंगे l
हाल के गुजरात चुनाव में कांग्रेस ने काफी लंबे समय बाद वापसी की है, 2014 में देश में लगातार चुनावों में भाजपा की एकतरफा जीत होती आई थी. लेकिन इन चुनावों में मुकाबला कांटे का रहा था l राहुलगाँधी ने खुद इस बात को स्वीकारते हुए कहा है कि हमने चुनावों में भाजपा की नींद खराब कर दी थी l
शुरुआत से लेकर अभी तक कांग्रेस में कई बदलाव होते हुए आए हैं. अब राहुल के अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस पार्टी में एक बार फिर बड़े बदलावों की संभावना है l मुमकिन है कि पार्टी में युवा चेहरों को तरजीह अधिक मिलेगी l पार्टी सूत्रों के अनुसार इसका असर जनवरी माह से देखने को मिल सकता है l