नोएडा -        नोएडा के सेक्टर ३९ में स्थित महिला थाने में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जहाँ एक महिला ने अपने पति पर कई दिनों से ना नहाने का आरोप लगाते हुए तलाक की मांग की है l महिला के अनुसार उसका पति कई बार समझाने के बाद भी नहाता नहीं है और उसके शरीर और कपड़ों से बदबू आती है l महिला के अनुसार बदबू का आलम यह है कि पति के साथ सोना भी दुश्वार हो गया है l 

                 महिला थाना प्रभारी अंजू तेवतिया के अनुसार रांची की एक महिला ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है कि उसका पति नहाता नहीं है जिससे उसके शरीर और कपड़ों से बदबू आती है और इस बात को लेकर महिला द्वारा तलाक की मांग की गई है l थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए उसके पति को नहाकर थाने आने के लिए कहा गया l जिस पर उसका पति नहाकर और अच्छे कपड़े पहनकर थाने आया और भविष्य में रोज नहाने का वादा भी किया l उसके बाद महिला अपने पति के साथ जाने को तैयार हो गई l दोनों को एक साथ घर भेज दिया गया है l