पाकिस्तान की लाहौर जेल में मारे गए भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर ने कुलभूषण जाधव और उसकी माँ और पत्नी के बीच मुलाकात के दौरान शीशे की दीवार रखने पर कड़ी निंदा की है और इसे पाकिस्तान का क्रूर मज़ाक बताया है l दलबीर कौर ने कहा कि इस मुलाकात में इंसानियत का ध्यान नहीं रखा गया है l दलबीर कौर के अनुसार इस मुलाकात का कोई मतलब ही नहीं रहा l जहाँ एक माँ अपने बेटे को और एक पत्नी अपनी पति को छू भी नहीं सकी l उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने इस मुलाकात को मानवीय आधार पर दी गई इजाजत के तौर पर प्रचारित किया था l इसके तहत यह मुलाकात बिना किसी बाध्यता के होना चाहिए थी l दलबीर कौर ने कहा कि पाकिस्तान के पास इंसानियत नहीं है और इस मुलाकात के बहाने पाकिस्तान ने जाधव के परिवार और भारत से क्रूर मज़ाक किया है l गौरतलब है कि दलबीर ने भी अपने भाई सरबजीत की रिहाई के लिए लम्बी कानूनी लड़ाई लड़ी थी पर सरबजीत जिन्दा स्वदेश नहीं लौट सके थे l
सरबजीत की बहन दलबीर कौर ने मुलाकात के दौरान जाधव और उसके परिवार के बीच कांच की दीवार रखने पर इसे पाकिस्तान का क्रूर मज़ाक बताया