नरसिंहपुर - नरसिंहपुर में पत्रकारों और कलेक्टर के बीच हुआ विवाद तूल पकड़ता जा रहा है l मामला अब एसपी के पास पहुँच गया है l पत्रकारों ने संगठित होकर पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला से मुलाक़ात कर, सच की आवाज दबाने की षड़यंत्र पूर्वक कोशिश करने वाले कलेक्टर अभय वर्मा पर आपराधिक मामला दर्ज करने बाबत एक ज्ञापन सौंपा है l जिसमे कहा गया है कि कलेक्टर द्वारा षड़यंत्र पूर्वक पत्रकारों पर झूठे मामले बनाकर उनकी आवाज को दबाने की तैयारी की जा रही है l पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि नरसिंहपुर जिले में गन्ना आन्दोलन और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के आन्दोलन को लेकर पत्रकारों ने समाचार प्रकाशित किये थे l इन्ही समाचारों से नाराज़ होकर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी के साथ मिलकर पत्रकारों के खिलाफ षड़यंत्र पूर्वक महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाईजर और अपर कलेक्टर की तरफ से एक ज्ञापन दिलवाया गया l फिर उन्होंने इस प्रकरण में एसडीओ नरसिंहपुर को निर्देश दिए की जांच करके इन पर मामला दर्ज कर कार्यवाही की जाये l  

पत्रकारों ने मांग की है कि इस मामले में सुपरवाइजर के साथ आन्दोलन कर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के बयान के साथ-साथ पत्रकारों और धरना दे रहे किसानो के भी बयान दर्ज किये जायें l पत्रकारों ने कहा कि हमारे ज्ञापन पर अगर पुलिस कार्यवाही नहीं करती है तो समस्त सरकारी कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जायेगा एवं बड़े स्तर पर आन्दोलन किया जायेगा l आज के बाद नरसिंहपुर जिले में किसी भी पत्रकार के साथ कोई भी घटना होती है तो उसका जिम्मेदार कलेक्टर अभय वर्मा को माना जायेगा l  पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला ने पत्रकारों को आश्वासन दिया है, कि पूरी जाँच कराकर जो तथ्य सामने आयेंगे, उनको लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जायेगा | उसके बाद ही कोई कार्यवाही की जाएगी l उन्होंने पत्रकारों से कहा की आप सभी निर्भीक होकर समाचारों का प्रकाशन करें l ज्ञापन देने वालों में अजय खरे, ब्रजेश दीक्षित, राजेश दुबे, ताराचंद पटेल, पंकज साहू, दीपक श्रीवास्तव, अंशुल दीवान, देवेन्द्र शर्मा सहित अनेक पत्रकार मौजूद थे l