उमरिया |  नगरपालिका चंदिया अंतर्गत वार्ड 10 अगरिया मोहल्ले में सेनेटरी इंस्पेक्टर ने कई गरीब हितग्रहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने अनैतिक रूप से राशि हड़प कर ली है| बताया जाता है कि नगरपालिका चंदिया के औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर से कई गरीब हितग्रहियों ने इस बावत शिकायत की थी जिसके बाद यह मामला उजागर हुवा| अतिगम्भीर मामले की जानकारी लगते ही कलेक्टर ने सम्बन्धित सेनेटरी इंस्पेक्टर को फर्जी तरीके से गरीब हितग्रहियों से ली गयी राशि को तत्काल वापस करने निर्देशित किया था, जिसके बाद उक्त सेनेटरी इंस्पेक्टर ने कुछ घण्टे में ही दर्जन भर से अधिक हितग्रहियों से ली गयी राशि को उनके घर पहुंच कर वापस किया है। गुरुवार को इस मामले में सीएमओ रीना सिंह राठौर ने सम्बन्धित सेनेटरी इंस्पेक्टर को शोकाज नोटिस दी है जिसमे उक्त मामले में जवाब मांगा गया है। सवाल यह उठता है कि शहरी क्षेत्र में बेघर गरीब रहवासियों को आवास सुविधा दिलाने एक ओर सरकार दृढ़ संकल्पित है वही जिम्मेदार इन योजनाओं में भी अपनी बगुलिय आंख गड़ाए हुवे है और गरीबों से भी योजनाओं का लाभ दिलाने फर्जी तरीके से इनसे आर्थिक लाभ ले रहे है जरूरी है कि ऐसे भ्रष्ट कर्मचारियों को जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए जिससे गरीब हितग्रहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधा मिल सके।