रेहटी - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र में किसानों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलोच की जा रही है। ऐसे मामले की शिकायत रेहटी पुलिस थाने में खडग़ांव के किसान भगवत सिंह पिता जय सिंह 35 साल ने की है। किसान का आरोप है कि वह हाईवे सड़क से 35 किमी की दूरी पर निवास करता है और यहीं पर उसका खेत है। उसने ग्राम डिमावर की सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक दिनेश यादव से खाद की मांग की थी। दो तीन दिन तक खाद नही मिला, फिर दिनेश यादव ने कलवाना नहर पहुंचकर खाद लेने की बात कही। लेकिन किसान ने कहा कि मैं 30 किमी दूर खेत से खाद लेने नही जाऊंगा। मुझे तो सोसायटी पर ही खाद चाहिए। इस बात पर दिनेश यादव ने अपने अधिकारियों से बात करने को कहा, तब सामने से बात करने वाला अधिकारी किसान पर भड़क गया, और गाली गलोच करने लगा। यहां तक कि किसान के साथ साथ मप्र सरकार की भावान्तर योजना और प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी गाली देने से परहेज नही किया। इस बात की सीडी किसान ने बनवाकर पुलिस को सौंपी है। रेहटी पुलिस ने सेवा सहकारी समिति डिमावर के अधिकारी गजेंद्र दुवे पिता रामेश्वर दुवे पर्यवेक्षक सेवा सहकारी समिति पर धारा 506, 507 का प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
समाचार चैनलो में छाया रहा मामला
पीडि़त किसान ने पुलिस को रिपोर्ट के साथ साथ किसान संघ और मीडियाकर्मियों को भी गाली गलोच करने वाले अधिकारी की आडियो टेप सुनाकर समाचार चैनलों पर भी समाचार चलवाने में कोई कसर नही छोड़ी। अब मामला हाई लेवल का हो गया है। लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई कार्रवाई अधिकारी के विरूद्ध नही हुई थी। अब किसान संघ एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर २४ घंटे में गाली गलोच करने वाले अधिकारी को निलंबित करने की बात कर रहा है। निलंबन नही होने पर किसानों ने आंदोलन की धमकी दी है। किसान नेता बलराम जाट ने आरोप लगाया है कि सेवा सहकारी समिति के अधिकारी ऐसे ही किसानो के साथ अभद्रता के साथ पेश आते हैं और इन पर कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है।
क्या कहना है किसान का
भगवत सिंह ने बताया कि मैें 10 दिनों से परेशान हूं। सेवा सहकारी समिति के अधिकारी कर्मचारी कई किसानों को 30 से 40 बोरी खाद ऐसे ही उपलब्ध करा देते हैं। और मेरे जैसे छोटे किसानों को 30 किमी दूर खाद लेने बुला रहे हैं। ऐसा अन्याय वर्षों से चला आ रहा है। किसी को तो इनके विरूद्ध आवाज उठानी ही पड़ेगी। क्योंं न मै ही पहल करूं। अब किसानों को एकजुट होना होगा अन्याय के विरूद्ध।