कटनी। विकास यात्रा के दूसरे पड़ाव में कटनी पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कटनी जिले को 645 करोड़ रुपए से अधिक राशि के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कार्यक्रम में 645 करोड़ 83 लाख 68 हजार रुपये की राशि के 5 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें नगर पालिका निगम कटनी के 322 करोड़ 99 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग द्वारा बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में बनाये जाने वाले महगवां-बीजानपुरी मार्ग में महानदी पर उच्चस्तरीय पुल के निर्माण का भूमिपूजन भी किया। यह पुल 10 करोड़ 13 लाख 68 हजार रुपए की लागत से बनेगा। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड द्वारा 194 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से बनाये गए स्लीमनाबाद से विलायतकलां मार्ग और 118 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से बनाये गए कटनी विजयराघवगढ़ मार्ग का भी विधिवत लोकार्पण किया।
कटनी पंहुचने पर जोरदार स्वागत
इससे पहले विकास यात्रा में शामिल होने कटनी पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का हैलीपेड पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अगवानी कर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री संजय पाठक,सांसद ज्ञान सिंह, विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, विधायक मोती कश्यप, महापौर शशांक श्रीवास्तव, जिला योजना समिति के सदस्य पीताम्बर टोपनानी, संभागायुक्त गुलशन बामरा, डीआईजी जबलपुर रेन्ज भगवत सिंह चौहान मौजूद थे।
इधर रिहर्सल में प्रशासन पड़ा ढीला
शनिवार को जिला एवं पुलिस प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लेते हुए रिहर्सल की, लेकिन रिहर्सल में कई खामियां नजर आईं। सीएम ड्यूटी के लिए नॉमिनेट अधिकारी कर्मचारियों में से कई निर्धारित समय पर रिहर्सल के लिए आयोजन स्थल पर नहीं पहुंचे। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा रिहर्सल स्थल पर निर्धारित समय से करीब दो घंटे बाद एम्बुलेंस व डॉक्टरों की टीम को आयोजन स्थल पर भेजा गया।