उमरिया / बिरसिंहपुर पाली|  पाली वन परिक्षेत्र के ग्राम बरहाई से लगे जंगल में वन्य प्राणी खरगोश का शिकार कर उसको पकाने की तैयारी करते हुए दो शिकारियों को वन अमला द्वारा पकड़ा गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी बुद्ध सिंह पिता टेकनाथ सिंह शिवप्रसाद पिता करिया सिंह निवासी बरमटोला थाना पाली निवासी द्वारा वन्यप्राणी खरगोश का शिकार किया गया था जिसे जंगल में पकाकर खाने की तैयारी की जा रही थी तभी वन अमला ने कथित आरोपियों को मांस सहित गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 72 की धारा 9 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। एसडीओ वन विभाग राहुल मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बरहाई सरपंच के जमानत पर छोड़ दिया गया था जिन्हें कल पुनः गिरफ्त में लेकर न्यायालय पेश किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि वन अमला की इस कार्रवाई से अबैध रूप से वन्यप्राणियों का शिकार करने वाले शिकारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गौरतलब है कि पाली और घुनघुटी वन परिक्षेत्र के जंगलो में आये दिन बहेलियों को संदिग्ध रूप में देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि ये बहेलिया कुछ ग्रामीणों की मदद से वनक्षेत्र पाली घुनघुटी सुन्दरददर तिमनी बुढ़ना चंदनिया आदि के जंगलो में चोरी छिपे वन्यप्राणियों का शिकार कर वन सम्पदा को क्षति पहुचाने का काम करते आ रहे है।