शाजापुर। मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला सदस्यता अभियान रविवार को शुरू हुआ। इस दौरान रेस्ट हाऊस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष शरद जोशी ने कहा कि संगठन का सदस्यता अभियान आज से प्रारम्भ होकर 15 दिसम्बर तक सम्पूर्ण मप्र में चलेगा। उन्होने कहा कि यह संगठन प्रदेश के पत्रकारों की समस्याओं को दूर कराने के लिए मजबूती से काम करता आ रहा है और इसीके चलते पत्रकारों की कई मांगे भी स्वीकृत हो चुकी हैं। जोशी ने बताया कि पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने, पत्रकार पंचायत बुलाने, तहसील स्तर पर पत्रकारों की सूची एसडीओ कार्यालय में पंजीकृत कराने के लिए प्रयत्नशील है। उन्होने बताया कि संघ ने शलभ भदौरिया के नेतृत्व में तहसील स्तर पर अधिमान्यता, पत्रकारों की श्रद्धानिधी व बीमा योजना सहित कई मांगे स्वीकृत कराई हैं। पत्रकारों को चाहिए कि वह सकरात्मक भूमिका अदा कर समाज में अपना विशिष्ठ स्थान बनाएं। क्योंकि नेता से अधिक पत्रकारों को जनता आशाभरी निगाह से देखती है।  इस मौके पर क्षेत्रीय सांसद मनोहर ऊंटवाल ने कहा कि मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ सबसे पुराना संगठन है जो हमेशा पत्रकारों के हितों की लड़ाई लडऩे में अग्रणी रहा है। मप्र में संगठन की जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक इकाईंया हैं और यही एक मात्र पत्रकारों का हितैषी संगठन है। वहीं संघ के जिलाध्यक्ष मनोज जैन ने कहा कि यह सदस्यता अभियान सम्पूर्ण जिले में चलाया जाएगा, अत: जिले के सभी पत्रकार साथियों से निवेदन है कि वे प्रदेश के इस एक मात्र संगठन जो पत्रकारों की समस्या के लिए संघर्षशील है ऐसे संगठन के अधिक से अधिक सदस्य बनकर संगठन को और अधिक मजबुती प्रदान करें। सदस्यता का यह अभियान 15 दिसम्बर तक चलेगा। अभियान के पहले दिन पचास से अधिक पत्रकारों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। समस्त पत्रकारों ने सांसद एवं कार्यकारी अध्यक्ष जोशी का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।