राजगढ़ /माचलपुर दिनांक 27 अक्टूबर, शुक्रवार को टप्पा कार्यालय माचलपुर में दोप. 2 बजे विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमे न्यायधीश सचिन जैन, नायब तहसीलदार अरविन्द दिवाकर आमजन से रूबरू हुए एवं उन्हें अपने संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की जानकारी दी। पूर्व में न्यायधीश सचिन जैन द्वारा एक प्रकरण में मात्र ढाई माह की समयावधि में फैसला देकर, शीघ्र न्याय मिलने एवं प्रकरण के निराकरण की मिसाल पेश की थी। इस अवसर पर श्री जैन ने कहा, कि न्याय मिलना आपका अधिकार है। हम आज आपके द्वार आपकी समस्या सुनने आये हैं। यदि कोई गरीब है एवं केस लड़ने के लिये वकील नहीं कर पा रहा है, तो वह टप्पा कार्यालय में आवेदन देकर अपने लिये वकील की मांग कर सकता है। शासन उसे निःशुल्क वकील उपलब्ध करवायेगा। हमने थाना प्रभारी को भी विधिक मेल अधिकारी का नम्बर नोट करवा दिया है। आप वहां भी न्याय पाने के लिये वकील की मांग हेतु मदद ले सकते हैं। यदि किसी की वाहन दुर्घटना में मृत्यु होती है, तो वह बीमा कम्पनी अथवा वाहन मालिक से क्षतिपूर्ति की मांग कर सकता है। किसी व्यक्ति को खसरा नकल आदि नहीं मिलने पर भी आप लोक सेवा केन्द्र में आवेदन कर नकल ले सकते हैं। वहीं नायब तहसीलदार अरविन्द दीवाकर ने संबोधित करते हुए, कहा कि शासन ने आमजनों की समस्याओ के निराकरण के लिये कई योजनाये चला रखी है। आप मुख्यमन्त्री हैल्पलाईन का उपयोग करके भी अपनी समस्या से प्रशासन को अवगत करा सकते हैं। लोगों को साक्षर होने के साथ-साथ शिक्षित भी बनना चाहिये, ताकि उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी हो। सभी अपने बच्चों को शिक्षित करें। शासन की योजना का लाभ लेते हुए घरों में शौचालय का निर्माण करें। इस अवसर पर सीएमओ डी.पी. दुबे, आर.आई. बृजेन्द्र श्रीवास्तव, थाना प्रभारी वीरेन्द्रसिंह धाकड़, अधिवक्ता सत्यनारायण सरावत, कालूसिंह चैहान, पटवारी राजेन्द्र बरदानिया, आशीष नागर, बनेसिंह गुर्जर, कालूसिंह गुर्जर, प्रदीप जोशी, नगर परिषद से महेन्द्रसिंह मण्डलोई, इंजि. दुर्गेश टैगोर, रामबाबू हाड़ा एवं क्षैत्र के नागरिक व ग्रामीण नागरिको की उपस्थिति रही।